जानें आवाहन अखाड़े के बारे में सबकुछ

Maha Kumbh 2025: इकलौता अखाड़ा जहां महिलाओं को नहीं दी जाती है दीक्षा, नागा साधुओं का है बड़ा केंद्र 


महाकुंभ की शुरुआत में अब 1 महीने का समय बचा है। लगभग सभी अखाड़े प्रयागराज भी पहुंच चुके हैं। लेकिन इन दिनों शैव संप्रदाय का एक अखाड़ा चर्चा में बना हुआ है। दरअसल आवाहन अखाड़े ने  कुंभ में शिविर लगाने के लिए पर्याप्त जमीन न मिलने पर नाराजगी जताई है और 10 एकड़ जमीन की मांग की है।


बता दें कि आवाहन अखाड़ा प्राचीनतम अखाड़ों में एक है, जिसके साधु-संत तप, त्याग, और योग साधना के लिए प्रसिद्ध है। यह अखाड़ा नागा साधुओं का प्रमुख केंद्र है।  इसे आवाहन सरकार के नाम से भी जाना जाता है।चलिए आपको आवाहन अखाड़े के इतिहास, स्थापना और इससे जुड़ी बातों के बारे में विस्तार से बताते हैं।


वाराणसी में अखाड़े का केंद्र 


आवाहन अखाड़े का  पूरा नाम "श्री पंचायती अखाड़ा आवाहन" है। यह जूना अखाड़ा का ही एक उप अखाड़ा है। इसकी स्थापना को लेकर कोई ऐतिहासिक तथ्य नहीं है, लेकिन माना जाता है कि 547 ईस्वी में आदि शंकराचार्य ने इसकी स्थापना की थी। वहीं कई इतिहासकार इस अखाड़े की स्थापना 1547 में जदुनाथ सरकार द्वारा बताते हैं।  इसका मुख्य केंद्र वाराणसी के दशाश्वमेध घाट  में स्थित है। वहीं इसकी शाखाएं देश के कई हिस्सों में है। आवाहन अखाड़े के इष्ट देव श्री गणेश व दत्तात्रेय है, क्योंकि ये दोनों देवता आवाहन से ही प्रकट हुए थे।


महिलाओं को नहीं दी जाती है शिक्षा 


हिंदू धर्म में 13 प्रमुख अखाड़ों में से 12 में महिलाओं को दीक्षा दी जाती है। लेकिन आवाहन अखाड़े में महिलाओं को दीक्षा नहीं दी जाती है। दअरसल आवाहन अखाड़े में मुख्य तौर पर नागा साधु दीक्षा लेते है, जो पूर्ण रूप से ब्रह्मचर्य का पालन करते है और नग्न रहते हैं। इसी के चलते यह परंपरा संतों के ध्यान और साधना को बनाए रखने के लिए बनाई गई थी।



 अखाड़े की व्यवस्था


आवाहन अखाड़े की अपनी एक विशिष्ट व्यवस्था और पदानुक्रम है। 


1.महामंडलेश्वर 

यह अखाड़े का सबसे बड़ा पद है, जिसे "धर्मगुरु" के समान माना जाता है। इस समय अखाड़े के महामंडलेश्वर अरुण गिरी महाराज है। महामंडलेश्वर का काम सभी धार्मिक, सामाजिक और प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करना और अखाड़े के नियमों और परंपराओं को बनाए रखना है। 


2. महंत 

यह दूसरा सबसे बड़ा पद है। जो  मठों और आश्रमों की देखरेख करते हैं। इनका काम अखाड़े की संपत्ति, मंदिरों और आश्रमों की देखरेख करना। वहीं धार्मिक अनुष्ठानों और साधु दीक्षा के कार्यक्रमों का आयोजित करवाना है।


इस पद के बाद दीक्षित साधु और नागा साधु होते है, जो अखाड़े के दैनिक कामों में अपनी अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं।  


डिसक्लेमर

'इस लेख में दी गई जानकारी/सामग्री/गणना की प्रामाणिकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। सूचना के विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/धार्मिक मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संकलित करके यह सूचना आप तक प्रेषित की गई हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ सूचना पहुंचाना है, पाठक या उपयोगकर्ता इसे सिर्फ सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी तरह से उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता या पाठक की ही होगी।