नवीनतम लेख

क्या है पुंसवन संस्कार

Jan 10 2025

क्या होता है पुंसवन संस्कार? इसके करने का सही समय क्या होता है 


सनातन हिंदू धर्म में जन्म से लेकर मृत्यु तक 16 संस्कार बताए गए हैं। इन्हीं 16 संस्कार में से एक है पुंसवन संस्कार जो क्रम में दूसरे स्थान पर आता है। यह संस्कार गर्भाधान के 3 महीने के बाद किया जाता है। इस संस्कार का मुख्य उद्देश्य गर्भ में पल रहे बच्चे की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना है। दरअसल, गर्भ धारण के 3 महीने बाद मां के गर्भ में पल रहे शिशु का मस्तिष्क विकसित होने लगता है। तो आइए, इस आर्टिकल में  पुंसवन संस्कार, इसके महत्व और मान्यता के बारे में विस्तार से जानते हैं।


क्या है पुंसवन संस्कार? 


गर्भवती महिलाओं के लिए पुंसवन संस्कार का काफी महत्व है। पुंसवन संस्कार 16 संस्कारों में दूसरे नंबर पर आता है। पुंसवन संस्कार तंदुरुस्त संतान के लिए किया जाने वाला एक विशिष्ट संस्कार है। ये स्त्रियों के गर्भधारण करने के 3 माह बाद किया जाता है। शास्त्रों में कहा गया है 'गर्भाद् भवेच्च पुंसूते पुंस्त्वस्य प्रतिपादनम्' जिसका अर्थ है “गर्भस्थ शिशु पुत्र रूप में जन्म ले इसलिए पुंसवन संस्कार किया जाता है।” धार्मिक मान्यताओं के अनुसार प्राचीन काल में ये प्रक्रिया शक्तिशाली और सक्षम पुत्र की प्राप्ति हेतु अपनाई जाती थी।


जानिए पुंसवन संस्कार महत्व  


गर्भ में पल रहे शिशु का मस्तिष्क विकसित  सही तरीके से विकसित हो, इसलिए पुंसवन संस्कार किया जाता है। इसके जरिए गर्भ में पल रहे शिशु में संस्कारों की नींव भी रखी जाती है। पुंसवन संस्कार बलवान, शक्तिशाली एवं स्वस्थ संतान को जन्म देने के उद्देश्य से किया जाता है। इस संस्कार से गर्भस्थ शिशु की रक्षा होती है तथा उसे उत्तम संस्कारों से पूर्ण, अच्छा मनुष्य बनाए जाने की शुरुआत की जाती है।


जानिए पुंसवन संस्कार की विधि?


पुंसवन संस्कार को करने के लिए सोमवार, बुधवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को अच्छा दिन माना गया है। वहीं, इस दौरान गर्भवती महिला के जरिए मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा कराई जाती है। ईष्ट देव को खीर का भोग लगाया जाता है। साथ ही गर्भ धारण करने वाली माता को कलावा बांधा जाता है। इसके उपरांत घर के सभी लोग एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं।


क्या है इन संस्कारों का उद्देश्य? 


सनातन हिंदू धर्म में संस्कारों उद्देश्य व्यक्ति की उन्नति, आध्यात्मिक विकास और सामाजिक आदर्शों के प्रशिक्षण को सुनिश्चित करना है। बता दें कि मनुष्य के व्यक्तित्व के विकास में सोलह संस्कारों का विशेष महत्व होता है। इन संस्कारों के माध्यम से व्यक्ति को नैतिक कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का बोध कराया जाता है। ये सभी 16 संस्कार प्राचीन काल से चले आ रहे हैं और इन्हें मनुष्य का प्रमुख कर्म माना जाता है। 16 संस्कारों में मनुष्य के जन्म से लेकर मृत्यु तक के सभी कर्मों का उल्लेख है। ऐसी मान्यता है कि भारतीय संस्कृति में बताये गए सोलह संस्कारों के अनुसार जीवन-यापन करने से मनुष्य जीवन के लक्ष्य को प्राप्त कर सुखपूर्वक अपना जीवनयापन कर सकता है। 


डिसक्लेमर

'इस लेख में दी गई जानकारी/सामग्री/गणना की प्रामाणिकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। सूचना के विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/धार्मिक मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संकलित करके यह सूचना आप तक प्रेषित की गई हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ सूचना पहुंचाना है, पाठक या उपयोगकर्ता इसे सिर्फ सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी तरह से उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता या पाठक की ही होगी।

यह भी जाने